भास्कर न्यूज| रोपड़ सीबीएसई ने स्कूलों को टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का एकीकरण और प्रसार के लिए कहा है। इस संबंध में शुक्रवार को दिशा-निर्देश जारी किए गए। स्कूलों को भेजे गए निर्देशों में जानकारी दी गई है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, कलंक मुक्त और युवाओं के अनुकूल बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी उद्देश्य से, राष्ट्रीय टेली मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (टेली-मानस) शुरू किया गया है, जो पूरे भारत में नागरिकों, विशेषकर छात्रों के कल्याण हेतु एक निःशुल्क, गोपनीय और 24×7 मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन प्रदान करता है। इसके लिए स्कूलों के भेजे पत्र में कहा गया है कि 10 अक्टूबर 2022 को लॉन्च होने के बाद, टेली-मानस ने 53 समर्पित कोर्सों के माध्यम से 23 लाख से अधिक कॉल संभाली हैं। यह सेवा 20 भाषाओं में उपलब्ध है किशोरों और युवा युवा शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, मंत्रालय ने वास्तविक समय की गोपनीय बातचीत के लिए एक वीडियो परामर्श मंच और टेली-मानस मोबाइल एप्लिकेशन (हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध) भी लॉन्च किया है। जल्द ही अन्य क्षेत्रीय भाषाओं का समर्थन जोड़ा जाएगा। स्कूल छात्रों की भावनात्मक मजबूती को आकर देने के लिए एक महत्वपूर्ण वातावरण है। छात्रों को टेली-मानस के माध्यम से पेशेवर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी और पहुंच प्रदान करके, स्कूल एक स्वस्थ और आत्मविश्वासी पीढ़ी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए, सभी सीबीएसई संबद्ध स्कूलों से कहा गया है कि टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800-891-4416, साथ ही टेली-मानस ऐप के लिए क्यूआर कोड को प्रमुख स्थानों पर, विशेष रूप से काउंसलर के कमरे, सामान्य सूचना बोर्ड, पुस्तकालयों औरआईसीटी लैब के पास प्रदर्शित करें। वहीं इसके साथ ही स्कूल न्यूजलेटर, छात्र पुस्तिकाओं, स्कूल सभा और माता-पिता-शिक्षक बैठकों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और टेली-मानस की जानकारी शामिल करें। स्वास्थ्य और जीवन-कौशल शिक्षा गतिविधियों के दौरान स्कूल भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित आईईसी वीडियो का उपयोग करें। इसके साथ ही स्कूल काउंसलरों और कल्याण समन्वयकों की क्षमता बढ़ाएं ताकि वे आवश्यकतानुसार छात्रों को टेली-मानस सेवाओं की जानकारी और संदर्भ दे सकें। इसके साथ ही कहा गया है कि स्कूल समग्र शिक्षा या पीएम श्री स्कूलों के तहत चल रहे कार्यक्रमों के सहयोग से आयु-उपयुक्त, सहकर्मी-नेतृत्व वाली स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दें। जालंधर|राज्य विद्या खोज एंव सिखलाई परिषद पंजाब ने समूह जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर स्कूलों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं वर्षगांठ पर क्विज प्रतियोगिताएं करवाने को कहा है। जारी पत्र में कहा गया है कि इसका उद्देश्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भारतीय संविधान को मजबूत करने में निभाई गई भूमिका का सम्मान करना है। क्विज कंपीटिशन 31 अगस्त को शिक्षा मंत्रालय मॉय जीओवी पोर्टल के जरिए करवाएगा।


