एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ईएनटी डिपार्टमेंट के सीनियर प्रोफेसर डॉ. मोहनीश ग्रोवर को ऑल इंडिया राइनोलॉजी सोसाइटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब राजस्थान से किसी डॉक्टर को इस प्रतिष्ठित सोसाइटी का अध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। चेन्नई में आयोजित 36वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान डॉ. ग्रोवर ने अध्यक्ष पद ग्रहण किया। डॉ. ग्रोवर वर्तमान में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में सीनियर प्रोफेसर हैं और फिलहाल आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज में पदस्थापित हैं। 1500 से अधिक सक्रिय सदस्यों वाली ऑल इंडिया राइनोलॉजी सोसाइटी देश की प्रमुख वैज्ञानिक संस्था है। यह संस्था नाक एवं साइनस रोगों जैसे साइनोसाइटिस, नाक में एलर्जी, नेजल पोलिप्स, एंडोस्कोपिक सर्जरी और स्कल बेस प्रक्रियाओं से संबंधित आधुनिक ज्ञान और उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देती है। सोसाइटी का उद्देश्य नए विशेषज्ञों को मंच प्रदान करना, शोध को प्रोत्साहित करना और ENT समुदाय को एक वैज्ञानिक दिशा देना है वहीं राजस्थान से ही एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के ईएनटी विभाग के प्रोफेसर डॉ. गौरव गुप्ता को सोसाइटी के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। इस मौके पर एक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें राज्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो प्रमुख श्रेणियों में सम्मान हासिल किए। डॉ. रश्मि अग्रवाल को उनके उच्च कोटि के रिसर्च प्रस्तुतीकरण के लिए जूनियर कंसल्टेंट अवॉर्ड पेपर से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार देशभर के इमर्जिंग कंसलटेंट में सर्वश्रेष्ठ क्लिनिकल और अकादमिक योगदान का पहचान दिलाता है। साथ ही डॉ. दिव्या जांगिड़ ने रेजिडेंट अवॉर्ड अपने नाम किया, जो युवा ईएनटी विशेषज्ञों को प्रोत्साहित करने वाली सर्वश्रेष्ठ उपलब्धियों में से एक है।


