कोटपूतली के पवाना अहीर निवासी प्रवक्ता डॉ. रामकरण यादव को शिमला में गांधी नोबेल शांति पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शिक्षा, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए दिया गया। यह समारोह 2 जनवरी को 93वीं टी.सी. प्रकाश जयंती के अवसर पर गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल द्वारा आयोजित किया गया था। राजस्थान सरकार के पूर्व ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि थे, जिन्होंने डॉ. यादव को शॉल, मेडल, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इसी कार्यक्रम में डॉ. रामकरण यादव को टी.सी. प्रकाश राष्ट्रीय गौरव अवॉर्ड 2026 से भी नवाजा गया। सिंघानिया विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनोज गर्ग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र सिंह को भी गांधी नोबेल शांति पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक स्मारिका का विमोचन भी किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, अधिकारी और न्यायिक अधिकारी इस सम्मान समारोह में उपस्थित रहे। डॉ. रामानंद शर्मा (गांधी नोबेल शांति पुरस्कार प्राप्त), डॉ. ओ.पी. गुप्ता (गांधी नोबेल शांति पुरस्कार विजेता), विश्व विख्यात मूर्तिकार मातूराम, बुहाना प्रधान हरकिशन यादव, राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित हरिकिशन गोदारा, पार्षद शकुंतला यादव, एडवोकेट उमराव सिंह यादव, विरेंद्र यादव, गिरधारीलाल गुरूजी (पूर्व समाज अध्यक्ष) और डॉ. आर.आर. यादव सहित क्षेत्र के कई प्रबुद्धजनों ने डॉ. रामकरण यादव को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।


