डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि मेला 30 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के नेतृत्व में 1200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंदिर के गर्भगृह, रोपवे और सीढ़ियों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। क्षीरपानी क्षेत्र में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यातायात व्यवस्था के लिए 350 पुलिसकर्मी अलग से तैनात किए गए हैं। मेले की निगरानी के लिए 20 चारपहिया वाहन, 15 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीमें और 20 पैदल गश्त दल लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डोंगरगढ़ में 10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसपी ने खुद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। अंजोरा बाईपास से मेला स्थल तक बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। छीरपानी परिसर में पीटीएस जगदलपुर के सेनानी एस.आर. मंडावी, एएसपी मुकेश ठाकुर और एएसपी राहुल देव शर्मा ने पुलिस बल को उनके कार्यों से अवगत कराया है। बुढ़ादेव मंदिर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।


