‘डोटासरा-जूली खुद को सीएम के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे’:वन मंत्री बोले- गहलोत खुद को मुख्यमंत्री मान चुके; कहा- काल्पनिक बातें बार-बार कर रहे

वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा- डोटासरा और जूली खुद को सीएम के रूप प्रोजेक्ट कर रहे हैं। गहलोत खुद को सीएम मान चुके हैं। सचिन पायलट खुद को नेता स्थापित करने में लगे हैं। राजस्थान में जो नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें हमारे सालभर के कामों में कोई कमी दिखती है तो उसे बताना चाहिए। सुझाव, कांग्रेस का कोई बूथ स्तर का नेता भी देगा तो हम स्वीकार करेंगे। वन मंत्री रविवार को सीकर पहुंचे थे, उन्होंने यहां जिला परिषद सभागार में आयोजित रोजगार महोत्सव में शिरकत की। वे सीकर के प्रभारी मंत्री भी हैं। कांग्रेसी काल्पनिक बातें कर रहे शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा- पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा खुद को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करना चाहते हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी खुद को राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करना चाहते हैं। वहीं अशोक गहलोत खुद को राजस्थान का मुख्यमंत्री मान बैठे हैं। सचिन पायलट खुद को नेता स्थापित करने में लगे हुए हैं। अभी चुनाव होने में करीब 4 साल से ज्यादा का समय है। फिर भी कांग्रेस के नेताओं का बार-बार यह कहना कि सरकार कांग्रेस की ही बननी है। यह काल्पनिक बात है जो वे लोग बार-बार करते हैं। बोले- 1 साल के काम में कमी हो तो बताएं वन मंत्री ने कहा- मेरा तो डोटासरा, जूली, गहलोत और सचिन पायलट को यही निवेदन है कि पिछले 1 साल में सीएम भजनलाल शर्मा की सरकार का जो कार्यकाल है। उसमें हमने 200 विधानसभा में बिना किसी भेदभाव के काम किया है। बजट की घोषणाओं पर भी काम जारी है। जहां जमीन की आवश्यकता थी, वहां जमीन भी आवंटित हो गई है। टेंडर भी शुरू हो चुके हैं। एक भी काम में वह कमी का उल्लेख कर दे तो निश्चित रूप से हम मानेंगे। कांग्रेस राजस्थान में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएं तो अच्छा रहेगा। ट्रांसफर पॉलिसी पर बोलते हुए वन मंत्री ने कहा कि पिछले 6 महीने में राजस्थान सरकार के अलग-अलग कर्मचारी संगठन और कैबिनेट की बैठक में अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की ओर से अपना-अपना प्रेजेंटेशन दिया गया है। अन्य राज्य सरकारों की जो ट्रांसफर पॉलिसी है उस पर भी हमारे प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी चर्चा कर रहे हैं और उसे समझ रहे हैं। जल्द ही आने वाले समय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ट्रांसफर पॉलिसी भी लागू की जाएगी। रोजगार उत्सव आयोजित किया जा रहा सीकर में आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर अलग-अलग कार्यक्रम हो रहे हैं। राजस्थान में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में रोजगार उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें करीब 13,500 युवाओं को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट सौंपे गए हैं। सीकर जिले में भी युवाओं को सरकारी नौकरी का तोहफा राजस्थान सरकार की ओर से दिया गया। वहीं सीकर में नानी बीहड़ के गंदे पानी की समस्या पर वन मंत्री ने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संभाग स्तर पर प्रभारी मंत्रियों से संवाद किया था। इस दौरान मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया था। स्थानीय विधायकों ने भी मुख्यमंत्री के सामने इस मामले को रखा। जल्द ही प्रदेश सरकार की तरफ से योजना बनाकर इस पर काम किया जाएगा। हाल ही में जिले के 640 युवा सरकारी नौकरी में चयनित हुए थे। जिसमें से आज रजिस्टर्ड 557 युवाओं को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट सौंपे गए। सीकर में फाइनेंस में 289, पुलिस में 106, मेडिकल में 225 और अन्य विभागों में 20 युवाओं को नौकरी मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *