डोटासरा ने कहा:भाजपा नेताओं ने राइजिंग राजस्थान में फ्री जमीन के लिए रजिस्ट्रेशन करा करोड़ों के निवेश दिखाए

प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा। कांग्रेस ने पर्ची सरकार करार देते हुए सीएम, मंत्रियों बीजेपी विधायकों पर 58 हमले बोले। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सीएम बनते ही कहा था कि कांग्रेस राज के 800 कार्यों की जांच करेंगे, उसकी आज तक एक भी रिपोर्ट नहीं आई। केवल एक ही काम किया कि दिसंबर 2023 में सरकार आते ही पिछले राज के सारे कार्य, स्वीकृतियां होल्ड पर रख दी, जो आज तक होल्ड पर ठप है। सीएम रोज दिल्ली जा रहे। एक हेलीकाप्टर ही ले लो जो दिल्ली रोज अपडाउन करे। क्योंकि सारे फैसले दिल्ली से होते हैं। अभी राइजिंग राजस्थान में भाजपा कुछ नेताओं ने ही रजिस्ट्रेशन करा फ्री में जमीन लेने के काम किए। 25 करोड़ की कंपनी के बहाने 1000 करोड़ रुपए के निवेश दिखाए। राइजिंग राजस्थान समिट में जनता के साथ छलावा किया गया। सस्ती या निशुल्क जमीन लेने के लिए भाजपा के कई नेताओं ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया। भाजपा के चुने हुए विधायक और जनप्रतिनिधि खनन और बजरी माफिया बन गए हैं। अवैध खनन की बजरी खपाने के लिए कई जगहों पर सड़कों के काम शुरू किए गए। इस सरकार ने एक पेपर कराया ही नहीं तो कहां से लीक होगा। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधायक रोहित बोहरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें पिछले 12 माह में पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर सीएम भजनलाल और किरोड़ीलाल, मदन दिलावर सहित कई नेताओं के वादों और हकीकत को दिखाती एक शार्ट फिल्म का भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस शॉर्ट मूवी में एक साल में हुए 700 दुष्कर्म, डीएपी संकट, समरावता से लेकर उदयपुर हत्याकांड व किसान, युवा और महिलाओं की पीड़ा दिखाई गई है। ईआरसीपी का केवल नाम बदला, प्रधानमंत्री ने एक रुपया नहीं दिया। हम तो चाहते मदन दिलावर यूटर्न मंत्री 5 साल बने रहे। भाजपा का सफाया तय है। सीएम को चुनौती- वो सफलताएं बताएं, हम विफलताएं
डोटासरा ने सीएम को चुनौती दी कि वे मेरा सामना तो कर नहीं पाएंगे। हमारे जूली और वो तय कर दें। अल्बर्ट हाल के सामने रख लो एक दिन। वो सरकार की सफलताएं बताएं और हम 12 माह की विफलताएं। सीएम तो अपने जिले भरतपुर में जिला प्रमुख का चुनाव नहीं करा रहे हैं। जूली ने कहा- बुजुर्ग, बेरोजगार, विधवा और दिव्यांगों की सहायता तक रोक दी गई
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि बीजेपी की 100 की कार्ययोजना का क्या हुआ? उनकी हकीकत क्या है? गहलोत राज की जांच के लिए बनाई कमेटियों की एक की भी रिपोर्ट नहीं आईं। सरकार किसानों को खाद नहीं दे पाई। पिछले दिनों हुए किसान सम्मेलन में कृषि मंत्री नहीं गए। बुजुर्गों की पेंशन तक रोक दी। बच्चों को दिव्यांग को सहायता तक नहीं दे रहे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन तक बंद है। बेरोजगारी भत्ता एक साल से बंद है। भरतपुर अपराध में अव्वल है, जो सीएम, गृहमंत्री और गृह राज्य मंत्री का गृह जिला है। सीएम को चिंता कि वसुंधरा आगे नहीं आ जाए। विपक्ष के नेताओं पर मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भी गंदा पानी फेंका गया। ओएसडी पर हमला
डोटासरा ने कहा- सीएम के विशेषाधिकारी दिनेश शर्मा है। सरकारी पद पर हैं। वो विप्र बंधुओं को संबोधित चिट्ठी जारी करते हैं कि इस ऐतिहासिक कार्य में आपकी सक्रिय भागीदारी रही, पीएम के आने पर सहयोग के लिए बधाई। आगे भी आपका साथ रहेगा। सरकारी पद पर बैठकर इस तरह की जातिगत भावना क्यों फैला रहे। यह सीएम की अनुभवहीनता, कमजोर पकड़ और नौसीखिए होने की पहचान है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *