कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नाबालिग बच्चियों के साथ हुई रेप की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट करके सरकार पर सवाल उठाए हैं। डोटासरा ने एक्स पर लिखा- मुख्यमंत्री जी, कब तक बेटियों से दरिंदगी होती रहेगी? सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा ने बेटियों की सुरक्षा पर झूठ बोलकर जो पाप किया है, उसके लिए आपको पश्चाताप करना चाहिए। यह शर्मनाक है कि नहीं सहेगा राजस्थान का नारा लगाने वाले भाजपा नेता अब छिपते घूम रहे हैं। डोटासरा ने लिखा- राजस्थान की बेटियां आज डरी हुई हैं, सहमी हुई हैं। वे स्कूल जाते हुए डरती हैं, शाम को काम से आते हुए डरती हैं, और कई बार तो अपने ही घर में असुरक्षित महसूस करती हैं। जिस राज्य को संस्कृति और वीरों की धरती कहा जाता है, वहां अब बेटियों की अस्मिता को तार-तार किया जा रहा है। डोटासरा ने लिखा- झालावाड़ में अकलेरा में 11वीं की छात्रा से गैंगरेप, बीकानेर में 13 साल की बच्ची से दरिंदगी और अलवर में नीट की तैयारी कर रही छात्रा से गैंगरेप की घटना दिन दहला देने वाली है। बेटियों की सुरक्षा में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल साबित हुई है। सरकार न महिला अपराध रोक पा रही है, और न ही आरोपी पकड़ पा रही है। डोटासरा ने आगे लिखा- भाजपा राज में नाबालिग बच्चियों से रेप के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। 2023 की तुलना में नाबालिग से रेप के मामले 23% बढ़ चुके हैं। इस साल के 2 महीने में 286 नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म हुआ है। प्रदेश में बढ़ते महिला अत्याचारों पर भाजपा सरकार की चुप्पी निराशाजनक है।


