टोंक जिले को नशामुक्त करने की दिशा में जिला स्पेशल टीम ने शनिवार को 3 पुलिस थाना क्षेत्रों में 13 लाख रुपए कीमत का अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त और स्मैक पकड़ी है। टीम ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक कार और 2 बाइक जब्त की है। जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया- इस कार्रवाई में दूनी थाना क्षेत्र में राजमहल के पास एक क्रेटा कार से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर कार से करीब 7 लाख रुपए कीमत का 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-पोस्त जब्त किया है। इसी तरह देवली थाना क्षेत्र में जयपुर चुंगी नाके से नासिरदा रोड पर एक महिला से बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपए का 25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक जब्त की है। साथ ही खरीद फरोख्त के 8460 रुपए बरामद किए है। वहीं डिग्गी थाना क्षेत्र में उपतहसील ऑफिस के पीछे 3 आरोपियों के कब्जे करीब से एक लाख रुपए की अवैध मादक पदार्थ 5.11 ग्राम स्मैक जब्त कर 2 बाइक बरामद की है। पुलिस थाना दूनी, देवली व डिग्गी में अलग- अलग 3 प्रकरण एनडीपीएस की धाराओं में दर्ज किए गए है और आरोपियो से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में दूनी थाना क्षेत्र से रामरतन (34) पुत्र अमराव जाट निवासी जोरावरपुरा पुलिस थाना बोराडा जिला अजमेर, नरेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू (18) पुत्र नाथूसिंह निवासी जोरावरपुरा, पुलिस थाना बोराडा जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है। इसी तरह डिग्गी थाना क्षेत्र से राकेश (25) पुत्र रामराय जाट निवासी अरण्या पुलिस थाना पचेवर जिला टोंक, संजय (30) पुत्र बद्रीलाल यादव निवासी नैनस्या पुलिस थाना फागी जिला जयपुर, नितिन पुत्र शास्त्री प्रकाश शर्मा निवासी डिग्गी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा देवली थाना क्षेत्र से डीएसटी ने एक महिला को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।


