ड्रंक एंड ड्राइव पर जब्त होगी गाड़ी, एसपी ने चेताया- सख्ती बरतें

भास्कर न्यूज| धमतरी साल 2025 को विदा करने और नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए एसपी सूरज सिंह परिहार ने सोमवार को टीआई और डीएसपी रैंक के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी रखने और बदमाशों के खिलाफ ठोस कदम उठाने के आदेश भी दिए गए। जिले में हो रही मड़ई-मेला और आगामी 31 दिसंबर व 1 जनवरी को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी थाना और चौकी प्रभारियों को बुलाकर चर्चा की गई। इस बैठक में वरिष्ठ कार्यालयों से मिले दिशा-निर्देशों पर अमल करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है, जिससे असामाजिक और शरारती तत्व कानून-व्यवस्था प्रभावित कर सकते हैं। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। होटल, लॉज, ढाबों में भी पुलिस ने की जांच शुरू नववर्ष के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को लेकर भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। होटलों, लॉज, ढाबों, रेस्टोरेंट और फार्महाउस जैसे स्थानों पर बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए ब्रीथ एनालाइजर से जांच हो रही है। तेज गति से वाहन चलाने, स्टंट करने, बिना नंबर प्लेट वाहनों के उपयोग, तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम जैसे मामलों में कार्रवाई होगी। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और पेट्रोलिंग व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। बदमाशों, उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई बदमाशों और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों की सूची का पुनरीक्षण किया गया। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। इस दौरान पुराने विवादित इलाकों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौक-चौराहों और आयोजनों के स्थानों पर विशेष चौकसी बरतने की बात कही गई। बैठक में एएसपी मणिशंकर चंद्र, शैलेंद्र पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा समेत अन्य थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *