संबलपुर (ओडिशा) से ट्रक के केबिन में गांजा छिपाकर मध्यप्रदेश ले जा रहे 3 अंतरराज्यीय तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। चिल्फी थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने चिल्फी में नाकेबंदी की थी। चेकिंग के लिए ट्रक को रोकवाया। पूछने पर ड्राइवर कुमेर सिंह ने कहा कि वे राजगढ़ (मप्र) जा रहे हैं। ट्रक खाली है। पुलिस ने जब ट्रक के केबिन में चढ़कर तलाशी ली, तो 4 बोरियों में 96 पैकेट गांजा मिला। इलेक्ट्रानिक तराजू से तौल कराने पर पैकेटों में 101.07 किलो (1 क्विंटल) गांजा था। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। गांजा तस्करी के मामले में आरोपी सांवरिया वर्मा (34), होकम सिंह सोंधिया (28) और कुमेर सिंह (29) तीनों निवासी राजगढ़ (मप्र) को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में थाना चिल्फी की टीम की अहम भूमिका रही। गौरतलब है कि इस रूट पर गांजा तस्करी के अनेक बड़े मामले में पकड़ में आए हैं फिर भी गांजा तस्कर इस रूट को बेहद आसान मानते हैं। गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड सांवरिया वर्मा है। वह ट्रेन के जरिए राजगढ़ (मप्र) से कटक (ओडिशा) पहुंचा था। आरोपी होकम सिंह और कुमेर सिंह ट्रक क्रमांक- आरजे 17 जीसी 9591 में सोयाबीन तेल लेकर कटक गए थे। ट्रक खाली होने के बाद वापसी भाड़ा (सामान) नहीं था। तभी मास्टर माइंड सांवरिया वहां आया। बोला कि राजगढ़ वापसी के लिए संबलपुर में माल लोड करना है, तो दोनों ट्रक लेकर चले गए। सांवरिया ने ड्राइवर व हेल्पर को खाना खाकर सुला दिया, केबिन में गांजा के पैकेटों से भरी 4 बोरियां लोड करा दी। नाकेबंदी में तस्करी उजागर हुई।


