भास्कर न्यूज | लुधियाना चेहरे की त्वचा को मुलायम, ग्लोइंग और पोषित बनाने के लिए मलाई का इस्तेमाल एक पुराना और कारगर घरेलू नुस्खा माना जाता है। दूध से बनने वाली मलाई में विटामिन ए, डी, ई और लैक्टिक एसिड जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो स्किन को प्राकृतिक नमी देने के साथ-साथ उसे रिपेयर भी करते हैं। यह हर तरह की त्वचा, खासकर ड्राई और डल स्किन के लिए बेहतरीन मानी जाती है। मलाई स्किन की ड्राइनेस को दूर करने में बहुत मददगार है। इसके फैट कंटेंट से त्वचा को अंदर तक नमी मिलती है, जिससे स्किन सॉफ्ट और स्मूथ महसूस होती है। सर्दियों में इसका असर और भी ज्यादा दिखता है, क्योंकि यह ठंड से होने वाली रूखापन को कम करती है। मलाई में मौजूद लैक्टिक एसिड हल्के एक्सफोलिएशन का काम करता है। यह मृत कोशिकाओं को हटाकर त्वचा को ताज़ा और दमकता हुआ बनाता है। नियमित इस्तेमाल से चेहरा नैचुरली ब्राइट और हेल्दी दिखने लगता है। मलाई के पोषक तत्व झुर्रियों और फाइन लाइन्स को कम करने में मदद करते हैं। यह स्किन की इलास्टिसिटी को बनाए रखती है और समय से पहले उम्र के निशान आने से रोक सकती है। धूप से झुलसी या टैन हुई त्वचा पर मलाई लगाने से ठंडक मिलती है और धीरे-धीरे टैन हल्की होने लगती है। इसके साथ ही यह हल्के डार्क स्पॉट्स और पिगमेंटेशन को भी कम करने में मददगार है।


