अमृतसर | श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा पार से ड्रोन की हलचल के मद्देनजर सुरक्षा के चलते से 5 फरवरी को रात 9 से 10 बजे तक संचालन बंद रहा। संचालन बंद रहने से एयरपोर्ट पर पहुंचने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से आने वाली उड़ान को नई दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। इसी तरह रात 9 बजे पहुंचने वाली शारजाह-अमृतसर उड़ान को भी चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट के ईद गिर्द ड्रोन की हलचल की सूचना के तहत सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार रात करीब 8.42 बजे एयरपोर्ट अथारिटी को ड्रोन की हलचल दिखाई दी थी, जिसके चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर आवाजाही मुकम्मल तौर से बंद कर दी गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर भूपिंदर सिंह ने इस मूवमेंट की पुष्टि करते हुए माना कि सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट का आवागमन एक घंटे के लिए बंद रखा गया था। हलचल के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब पुलिस के सहयोग से जांच की तथा बाद में आपातकाल स्थिति को समाप्त कर दिया गया।


