लुधियाना| श्री हनुमान सुंदरकांड समिति जमालपुर की तरफ से सोमवार व मंगलवार की मध्य रात्रि को होलिका दहन उत्सव जमालपुर की एचई कॉलोनी स्थित पार्क में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम पंडित रमेश दाधिच द्वारा मंत्रोच्चारण कर नौ ग्रह पूजन व गणेश पूजन किया गया। पूजा में यजमान के तौर पर कैलाश शर्मा, महावीर व्यास, हनुमान प्रसाद भातरा ने परिवार सहित पूजा की। समिति के प्रधान मुरारी लाल दाधीच व प्रशांत मिश्रा ने बताया कि इस बार कार्यक्रम का की शुरुआत शुभ मुहर्त रात्रि 1:25 मिनट पर पूजा आरम्भ की गई। इस कार्यक्रम में होलिका दहन के लिए एक कुंड लकड़ियों व गाय के गोबर से बनी उप्पलों से तैयार करवाया जाता है। उसके बाद राजस्थानी परंपरा के मुताबिक तुरंत भक्त प्रह्लाद की मूर्ति को अग्नि के बाहर निकाल लिया गया। पूजा के उपरांत उपस्थित सभी समिति पदाधिकारियों व अन्य ने श्री श्याम ढप्प जमालपुर की आई हुई मंडली के साथ ढप्प बजा कर राजस्थानी गीतों पर परम्परागत नृत्य किया।


