सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधा बाड़ीझरिया भोरतीन गड़ई के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ड्राइवर की पहचान एस.पी. सिंह (25), निवासी ग्राम बदलमाड़ा के रूप में हुई है। वह अपने पिता राम अधार के साथ मिल से चावल लेकर बाड़ीझरिया से अपने गांव लौट रहा था। ट्रैक्टर सीधे ढलान के नीचे पलटा जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर भोरतीन गड़ई के पास ढलान पर पहुंचा तो तेज रफ्तार के कारण बेकाबू हो गया। ड्राइवर को संभलने या कूदने का मौका नहीं मिला और ट्रैक्टर सीधे ढलान के नीचे पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर पलटते ही चालक की गर्दन टूट गई। ट्रैक्टर का एक हिस्सा उसके पेट में धंस गया। आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया शव घटना की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ड्राइवर शराब के नशे में तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहा था। उनका कहना है कि शराब और तेज रफ्तार के कारण सिंगरौली जिले में लगातार हादसे हो रहे हैं। बरगवां पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


