निवाड़ी में एक ढाबे के सामने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहा है। वीडियो में ढाबा संचालक अपने साथियों के साथ एक राहगीर को लाठी-डंडों से पीटते हुए दिख रह है। घटना ओरछा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चकरपुर चौकी के पास स्थित एक ढाबे के सामने की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि ढाबा संचालक अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर एक युवक को रोकते हैं और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई करते हैं। बताया जा रहा है पैसे के लेन देन को लेकर विवाद हुआ है पर इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नही हुई है। थाना प्रभारी बोले- अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं वीडियो में पीड़ित युवक बार-बार हमलावरों से छोड़ने की विनती करता दिख रहा है। इसके बावजूद, हमलावर उसे सड़क पर पटक कर लगातार पीटते रहते हैं। ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और पुष्टि होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


