मझिआंव|कोयल नदी में अचानक आए बाढ़ के चपेट में आने से खरसोता गांव के समीप कोयल नदी के ढीला पर एक पशुपालक अपने 4 पशुओं के साथ दोनों तरफ से बाढ़ से िघर गया। बाढ़ के चपेट में घीरे पशुपालक का नाम खरसोता गांव निवासी भुनेश्वर यादव के 50 वर्षीय पुत्र रमेश यादव बताया जाता है। इसकी सूचना मिलने के उपरांत उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा अन्नराज नावाडीह डैम में रेस्क्यू करने के लिए तैनात मछुआरे की टीम को मोटर बोट के साथ बुलाया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक के द्वारा पुलिस लाइन से गाड़ी भिजवा कर मोटर बोट एवं रेस्क्यू टीम को खरसोता लाया गया। इससे पूर्व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी के द्वारा पलामू जिला के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भजनिया गांव से 8 मछुआरों को बुलवाया गया था, और निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन तेजधार होने के कारण मछुआरे वहां तक नहीं पहुंच पाए थे। उसके बाद अनराज नावाडीह डैम के मछुआरों कि रेस्क्यू टीम के द्वारा काफी मशक्कत के बाद लगभग 8 घंटे के बाद मोटर बोट के माध्यम से पशुपालक को सुरक्षित बाढ़ से निकाला गया। जबकि पशुपालक के चारों भैंस उसी डीले पर फंसे रह गए।


