पाकुड़ शहर के कालीभाषण क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुजरात से तंबाकू लेकर आ रहा एक ट्रक मुख्य सड़क पर स्थित ट्रांसफॉर्मर वाले बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में ट्रांसफॉर्मर जमीन पर गिर गया और बिजली के तार सड़क पर आ गिरे। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोग बाल-बाल बच गए। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 3-4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। विभाग के अधिकारी और मिस्त्री मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण क्षेत्र में करीब 3-4 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। तंबाकू से लदे ट्रक को थाने में रखा गया है। बिजली विभाग के कर्मचारी टूटे तार की मरम्मत में जुट गए। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से पहले से ही परेशान लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।


