पंजाब के बठिंडा में तख्त श्री दमदमा साहिब में आज 40 मुक्ताओं के शहीदी दिवस पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सिख समुदाय के चौथे तख्त में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु जहां एक ओर गुरु के दरबार में मत्था टेक रहे हैं, वहीं पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और तख्त श्री दमदमा साहिब के प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने और लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है। तख्त साहिब के हेड ग्रंथी भाई जगतार सिंह ने बताया कि इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। 40 मुक्ताओं की शहादत में मनाया जाता है शहीदी दिवस श्रद्धालुओं का कहना है कि वे इस विशेष दिन तख्त के सामने मत्था टेककर सभी के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। यह दिवस 40 मुक्ताओं की शहादत की याद में मनाया जाता है, जिनका इतिहास सिख पंथ में विशेष महत्व रखता है। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति भाव से पूरा तख्त श्री दमदमा साहिब परिसर गुरुमय हो गया है।


