तत्काल टिकट बुकिंग में OTP वेरिफिकेशन जरूरी:राजधानी एक्सप्रेस में आज से लागू, जल्द सभी ट्रेनों में होगी शुरुआत

भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और तत्काल टिकटों में हो रही गड़बड़ियों को रोकने के लिए एक बड़ा बदलाव ला रहा है। अब टिकट काउंटर से तत्काल टिकट खरीदने के लिए मोबाइल पर OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। यह नई व्यवस्था कोटा मंडल से गुजरने वाली राजधानी एक्सप्रेस (12951/12953) में आज से शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसे सभी ट्रेनों में लागू किया जाएगा। इससे पहले, जुलाई 2025 में रेलवे ने ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार-आधारित वेरिफिकेशन शुरू किया था। फिर अक्टूबर 2025 में सभी आरक्षित टिकटों की पहले दिन की ऑनलाइन बुकिंग पर OTP प्रक्रिया लागू की गई। दोनों बदलाव यात्रियों द्वारा सफलतापूर्वक अपनाए गए। इससे टिकटिंग सिस्टम में पारदर्शिता आई। 17 नवंबर 2025 को रेलवे ने आरक्षण काउंटरों पर OTP-आधारित तत्काल बुकिंग का पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च किया, जो अब 52 ट्रेनों तक विस्तारित किया जा चुका है। इस सिस्टम में यात्री के फॉर्म में दिए मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा, और वेरिफिकेशन के बाद ही टिकट जारी होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, जल्द ही यह सुविधा बाकी सभी ट्रेनों में लागू कर दी जाएगी। रेलवे का कहना है कि इससे तत्काल कोटे का दुरुपयोग रुकेगा और वास्तविक यात्रियों को ज्यादा सुविधा व सुरक्षा मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *