सीमा पार से चल रहे अवैध हथियारों और नशे के काले कारोबार के खिलाफ तरनतारन पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ की टीम ने पाकिस्तान से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े तस्कर को दबोच लिया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 17 ग्राम हेरोइन, चार .30 बोर की पिस्तौलें, तीन मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव और डीआईजी फिरोजपुर रेंज स्नेहदीप शर्मा के दिशा-निर्देशों पर एसएसपी तरनतारन सुरेंद्र लांबा की अगुवाई में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। सीआईए स्टाफ तरनतारन के इंचार्ज इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह को पुख्ता मानवीय और तकनीकी इनपुट मिले थे कि गांव नंदपुर का निवासी रछपाल सिंह सीधे पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है। वह सीमा पार से नशा और अवैध असला मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करता था। गांव अलगो कोठी के पास घेराबंदी कर दबोचा सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने तुरंत एक्शन लेते हुए गांव अलगो कोठी के पास नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे रछपाल सिंह को घेरकर काबू कर लिया गया। डीएसपी (डी) शिवदर्शन सिंह की मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से हेरोइन और अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना वल्टोहा में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी रछपाल सिंह ने कबूल किया है कि बरामद हेरोइन और पिस्तौलें उसने पाकिस्तान से मंगवाई थीं, जिन्हें पंजाब में अलग-अलग खरीदारों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान सीमा पार के इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य स्थानीय तस्करों और नेटवर्क के बड़े चेहरों का खुलासा हो सकता है। क्या क्या हुआ बरामद अवैध हथियार: 4 पिस्तौल (.30 बोर), 03 मैगज़ीन और 02 ज़िंदा कारतूस मादक पदार्थ: 1 किलोग्राम 17 ग्राम हेरोइन वाहन: 1 बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल


