भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू विवाद को लेकर जेएलकेएम ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो की गिरफ्तारी के विरोध में जेएलकेएम जिला कमेटी के आह्वान पर उपायुक्त कार्यालय के समीप एकदिवसीय धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने जुटकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वक्ताओं ने एक स्वर में तरुण महतो की अविलंब रिहाई की मांग की और कहा कि उनकी गिरफ्तारी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। संगठन की ओर से जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए ईचागढ़ थाना प्रभारी और तिरुलडीह थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की गई। साथ ही आरोप लगाया गया कि दोनों थानों की मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार फल-फूल रहा है। धरना में शामिल नेताओं ने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और इसमें शामिल माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। धरना के बाद उपायुक्त के नाम एक मांग पत्र सौंपा गया। मौके पर सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी, जिला अध्यक्ष दीपक महतो, ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो के पत्नी भानुमति एवं काफी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।


