शहडोल में एक युवक ने अपने घर के आंगन में मां की तलवार से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी खून से लथपथ तलवार लेकर बाइक से सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। यहां उसने कहा कि “मेरी मां मेरी पत्नी को हर दिन भड़काती थी, इसलिए मैंने उसे मार दिया।” घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मामला धनपुरी के कछियान टोला में सोमवार दोपहर का है। मुन्नी बाई शाम को आंगन में कामकाज निपटा रही थीं। तभी उनका बेटा मोहन लोधी हाथ में तलवार लेकर वहां पहुंचा। इसके बाद मां की गर्दन पर तीन ताबड़तोड़ वार किए। उनकी वहीं मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल लेकर पहुंची। यहां पुलिस को मां का शव आंगन में ही पड़ा मिला। पुलिस ने तलवार को जब्त कर लिया। एएसपी अभिषेक दीवान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला (BNS की धारा 103) दर्ज कर लिया है। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार कुछ समय से अजीब था। टीआई बोले-दंपती में अक्सर होता था विवाद
धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बेटे को शक था कि उसकी मां हर दिन पत्नी को भड़कती है, जिस कारण पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा है। कुछ दिन पहले भी मां बेटे के बीच विवाद हुआ था, जिस पर बेटे ने मां को हिदायत दिया था। सोमवार दोपहर भी विवाद हुआ जिसके बाद उसने तलवार से मां की हत्या कर दी।


