भीलवाड़ा शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत बड़लियास थाना पुलिस ने 4 किलो 600 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बीगोद थाना प्रभारी जय सुल्तान ने बताया कि एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत सोमवार रात हाईवे की होटलों को चेक किया जा रहा था। इस बीच पुलिस की चेकिंग देखकर एक व्यक्ति होटल से निकलकर भागने लगा, उसके हाथ प्लास्टिक का एक कट्टा था। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोका और पूछताछ की। व्यक्ति ने अपना नाम गोपाल पिता लादू लाल जाट निवासी डेलाना बताया। पुलिस ने जब इसके कट्टे की तलाशी ली, तो उसमें अवैध रूप से गांजा भरा मिला। वजन करने पर यह 4 किलो 600 ग्राम पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए गोपाल को गिरफ्तार कर लिया। बीगोद थाना पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी सिद्धार्थ प्रजापत, कॉन्स्टेबल शैतान सिंह, विनोद कुमार, मुकेश कुमार और रजनीश शामिल रहे।


