तस्करी में फरार सरपंच पति भाजपा सांसद के मंच पर:जो सरकारी कार्यक्रम में मौजूद…उसे पुलिस ढूंढ नहीं पा रही; जिलाध्यक्ष ने आरोपी के साथ वाली पोस्ट डाली…फिर डिलीट

मंदसौर में पुलिस रिकॉर्ड में फरार एक तस्कर भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता के साथ नजर आया। इसका वीडियो सामने आया है। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाए है। मामला जिले के मल्हारगढ़ की बालागुड़ा पंचायत का है। जहां शुक्रवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम हुआ था। इसमें डोडाचूरा तस्करी प्रकरण में फरार आरोपी सरपंच पति प्रकाश पाटीदार भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता के साथ मंच साझा करते दिखा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार भी मौजूद थे। वीडियो में आरोपी प्रकाश पाटीदार मुस्कुराते हुए नेताओं के साथ नजर आ रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने वायरल फोटो के बाद अपनी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी है। किसान नेता ने पूछा- ये रिश्ता क्या कहलाता है?
किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ने इस मामले पर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने एक्स पर लिखा- भाजपा का हाथ तस्करों के साथ? बालागुड़ा में शासकीय मंच पर डोडाचूरा तस्करी के फरार आरोपी के साथ भाजपा सांसद, जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। जनता पूछ रही है- ये रिश्ता क्या कहलाता है? करीब ढाई महीने पहले पुलिस ने पकड़ा था डोडाचूरा
जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी पुलिस ने 2 जुलाई 2025 को पिकअप वाहन से 6 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया था। इस कार्रवाई में राहुल उर्फ भूरालाल देवदा और भरत उर्फ मोती देवदा को गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में प्रकाश पिता रामनिवास पाटीदार (बालागुड़ा) और उमराव सिंह पिता गोबर सिंह (तलाऊ पिपलिया) को आरोपी बनाया गया था, जो घटना के बाद से ही फरार हैं। केस डायरी नई आबादी थाने भेज दी थी
तत्कालीन एसपी अभिषेक आनंद ने मामले की विवेचना कर रहे सब इंस्पेक्टर नितिन कुमावत का तबादला करते समय केस डायरी नई आबादी थाने भेज दी थी। पिपलियामंडी थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि जांच फिलहाल नई आबादी थाना कर रहा है, लेकिन यदि आरोपी उनके क्षेत्र में पाया गया तो उसे गिरफ्तार कर संबंधित थाना को सौंप दिया जाएगा। एसपी बोले- शाम तक गिरफ्तार कर लेंगे
एसपी विनोद कुमार मीणा ने दैनिक भास्कर को बताया कि एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पिपलिया मंडी थाने में एनडीपीएस का एक प्रकरण दर्ज हुआ था जिसका आरोपी फरार है। पोस्ट में आरोपी को पब्लिक गैदरिंग में शिरकत करते देखा जा सकता है। जैसे ही वीडियो सामने आया हमारे द्वारा पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगा दी गई है, संभवत शाम तक आरोपी की गिरफ्तारी कर लेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *