सीआईए स्टाफ-1 ने 2 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए तस्कर की निशानदेही पर 15 लाख रुपए हवाला राशि समेत लुधियाना निवासी होजरी व्यापारी को गिरफ्तार किया है। व्यापारी की पहचान कर्म कॉलोनी ताजपुर रोड लुधियाना निवासी गुरचरन सिंह उफ चन्ना है। आरोपी व्यापारी के तार अफगानिस्तान में बैठे ड्रग तस्करों के साथ जुड़े हैं और होजरी के सामान को अफगानिस्तान एक्सपोर्ट करने के एवज में पंजाब और दिल्ली के अलग-अलग राज्यों से हवाला राशि प्राप्त करता था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी अमृतसर बस स्टैंड के पास की है। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रविवार को नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले कार्टेल का पर्दाफाश कर 2 किलो 124 ग्राम हेरोइन के साथ तरनतारन के गांव बुर्ज निवासी मनतेज सिंह को काबू किया था। आरोपी से पूछताछ में लुधियान के एक व्यापारी का नाम सामने आया। सीपी भुल्लर ने बताया कि आरोपी गुरचरन सिंह से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने वर्ष 2021 से एक फर्म मिकी ट्रेडर्स लुधियाना में बनाई है और लेडीज होजरी का सामान काबुल, अफगानिस्तान में एक्सपोर्ट करता है। जिस कारण इसके लिंक अफगानिस्तान में बैठे तस्करों के जुड़ गए थे। उन तस्करों के कहने पर गुरचरन सिंह जिला लुधियाना के अलावा दिल्ली के कई राज्यों में ड्रग मनी खुद हासिल कर लेडीज होजरी के सामान के साथ भेजता था। जितनी रकम का सामान भेजना होता था, उसकी 10% रकम ही अपने अकाउंट या ऑनलाइन के जरिए लेता था। बाकी के 90% हवाला राशि पार्सलों के रूप में भी हासिल करता था। इसके अलावा आरोपी हथियार और ड्रग का नैटवर्क चला रहे गैंगस्टरों की मदद करता था। पकड़े गए आरोपी गुरचरन सिंह को केस में नामजद कर पूछताछ कर रहे हैं। इसके अलावा उसके बैंक खातों की भी जांच कर रहे हैं।


