भास्कर न्यूज | राजनांदगांव एनएसयूआई ने हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी द्वारा त्योहारी अवकाश के बीच कॉलेजों में पूरक परीक्षा आयोजित नहीं करने की मांग की है। बुधवार दोपहर दिग्विजय कॉलेज की प्राचार्य को मांग पत्र सौंपने पहुंचे। लेकिन कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने मांग पत्र लेने की बात कही और उसे यूनिवर्सिटी या शासन को प्रेषित करने से इंकार कर दिया। विद्यार्थी मांग पत्र सौंपने और उसे यूनिवर्सिटी प्रेषित करने की मांग पर करीब 3 घंटे अड़े रहे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ज्ञापन लेकर विद्यार्थियों को पावती दी तब मामला शांत हुआ। छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष ऋषि शास्त्री और एनएसयूआई के छात्र नेताओं ने कहा भाजपा शासन में अफसर छात्रहित से जुड़ी उनकी मांग एवं समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन लेने से मना कर रहे है। अवकाश में परीक्षा लेना विद्यार्थियों ने अन्याय है। प्रदर्शन में वेदांश शर्मा, मिथलेश चंदेल, संदीप सोनी, प्रदीप साहू एवं अन्य मौजूद थे। कॉलेज कार्यालय में चस्पा किया: मांग पत्र एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अमर झा ने कुलपति के नाम लीडिंग कॉलेज की प्राचार्य को मांग पत्र सौंपने का प्रयास किया। प्राचार्य ने मांग पत्र लेने से मना किया तो कार्यालय में ज्ञापन चस्पा किया गया। अमर झा ने कहा इस निर्णय का विरोध जारी रहेगा।


