भास्कर न्यूज | लुधियाना ताजपुर रोड इलाके में मोबाइल झपटमारी की एक वारदात उस समय नाकाम हो गई, जब पीड़ित ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। छीना-झपटी के दौरान बदमाशों की बाइक फिसल गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार पप्पू यादव अपने दोस्त के कमरे से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। पप्पू यादव ने हिम्मत दिखाते हुए मोबाइल को कसकर पकड़ लिया और विरोध किया। इस दौरान दोनों के बीच छीना-झपटी हुई, जिसमें बदमाशों की बाइक का टायर फिसल गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। घटना देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों बदमाशों को काबू कर लिया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर ताजपुर रोड चौकी भेज दिया। जांच अधिकारी एएसआई गुरदियाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। घटना के बाद ताजपुर रोड और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इस तरह की वारदात पर अंकुश लगाया जा सके।


