तारानगर की गलियों में रात में दिखा लेपर्ड:सीसीटीवी में कैद हुआ मूवमेंट, युवक को देख 40 सेकेंड ठहरा

चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र में एक लेपर्ड रात के समय गलियों में घूमता नजर आया। यह घटना वार्ड तीन स्थित पुराने वाटर वर्क्स और गायत्री माता मंदिर के पास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इस सूचना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वार्ड तीन निवासी मोहम्मद नईम भाटी ने बताया कि सोमवार देर रात वे लघुशंका के लिए उठे और बालकनी में आए। उन्होंने सड़क किनारे बिजली के पोल के पास एक जानवर देखा, जो ध्यान से देखने पर लेपर्ड निकला। भाटी के अनुसार लेपर्ड करीब 40 सेकेंड तक वहीं खड़ा रहा और इस दौरान दो बार उनकी तरफ भी देखा। इसके बाद भाटी ने तुरंत अपने परिवार और मोहल्ले के लोगों को मोबाइल पर इसकी सूचना दी। गायत्री माता मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी लेपर्ड घूमता हुआ दिखाई दिया। फुटेज में गली से गुजरते समय दो कुत्ते भी उसके पीछे भागते नजर आए। लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। वन विभाग के रेंजर सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि वार्ड के लोगों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लेपर्ड की आवाजाही की पुष्टि हुई है। शेखावत ने बताया कि लेपर्ड के साहवा की तरफ जाने की संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क कर दिया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *