तार टूटने से लक्ष्मीपुरा के घरों में शॉर्ट सर्किट एक को लगी आग, जानी नुकसान से बचाव

भास्कर न्यूज | जालंधर श्री देवी तालाब रोड स्थित लक्ष्मीपुरा मोहल्ले में बुधवार शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण पुराने बंद घर में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, श्री देवी तालाब मंदिर के पास किसी वाहन ने बिजली की तार को तोड़ दिया था, जिससे लक्ष्मीपुरा इलाके के कई घरों की सप्लाई बंद हो गई और शॉर्ट सर्किट हो गया। इसमें एक घर को आग लग गई। कई मोहल्लावासियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कीमती सामान जल गए। आग से किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ है। इलाकावासी नीलम ने बताया कि जब घर के भीतर से धुआं बाहर निकलने लगा, तो गली की महिलाओं की नजर पड़ी। घर बंद होने के कारण अंदर क्या हो रहा है, यह देख पाना मुश्किल था। महिलाओं ने बिना देरी किए शोर मचाया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यदि समय रहते धुआं न देखा जाता, तो आग साथ लगते अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। चूंकि घर काफी पुराना था और पूरी तरह बंद था, इसलिए दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने और आग बुझाने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर बिजली विभाग के सहयोग से उस तार को भी काट दिया गया, जहां से शॉर्ट सर्किट शुरू हुआ था, ताकि दोबारा कोई अनहोनी न हो। घटना के बाद से लक्ष्मीपुरा के निवासियों में डर और रोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि बिजली की ढीली तारों और तकनीकी खामियों के कारण उनकी जान-माल को खतरा बना रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *