सूरजपुर के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के गणेशपुर गांव से एक अनूठा दृश्य सामने आया है। यहां एक तालाब में हाथियों का झुंड जलक्रीड़ा करता नजर आया। छोटे-बड़े हाथियों की यह मस्ती वहां मौजूद लोगों के लिए एक यादगार पल बन गई। एक पर्यटक ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया। हाथियों की यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही हैं। लोग जंगल की सुंदरता और हाथियों की स्वाभाविक जीवनशैली की सराहना कर रहे हैं। सूरजपुर समेत बस्तर और सरगुजा अंचल में हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं आम हैं। इन संघर्षों में अक्सर जान-माल का नुकसान होता रहता है। लेकिन गणेशपुर की यह तस्वीर मानव और वन्यजीव के बीच सह-अस्तित्व की संभावना दर्शाती है। यह घटना बताती है कि यदि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और मार्गों को सुरक्षित रखा जाए, तो वे मानव बस्तियों के साथ शांतिपूर्ण सहवास कर सकते हैं।


