आंध्र प्रदेश का तिरुपति बालाजी मंदिर मैनेजमेंट अपने 18 कर्मचारियों को हटाने की तैयारी में है। इन सभी को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के नियमों के खिलाफ जाकर काम करने का दोषी पाया गया है। ट्रस्ट ने सभी 18 कर्मचारियों से सामने दो शर्तें रखी हैं- या ते सभी किसी दूसरे सरकारी विभाग में ट्रांसफर ले लें या फिर VRS (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) ले लें। ऐसा मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। TTD ने बयान में कहा- यह कार्रवाई TTD अध्यक्ष बीआर नायडू के निर्देश पर की गई। संस्थान में काम के दौरान गैर-हिंदू धार्मिक प्रथा फॉलो करने वाले 18 कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लिया है। ये सभी TTD में काम करने के बावजूद गैर-हिंदू धार्मिक परंपराओं को फॉलो कर रहे हैं। अब इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। 13 जनवरी: मंदिर के लड्डू काउंटर पर आग लगी थी 13 जनवरी को तिरुपति मंदिर के लड्डू वितरण केंद्र के पास आग लगी थी। आग उस वक्त लगी जब लड्डू काउंटर पर बड़े पैमाने पर पवित्र प्रसाद लेने वालों की भीड़ थी। आग लगते ही भक्तों में अफरा-तफरी मच गई। तिरुपति तिरूमला देवस्थानम मंदिर प्रशासन के मुताबिक कंप्यूटर सेटअप से जुड़े UPS में शॉर्ट सर्किट के वजह से आग लगी थी। हादसा 10 दिवसीय वैकुंठ द्वार दर्शनम उत्सव के दौरान हुआ था। पूरी खबर पढ़ें… 8 जनवरी: मंदिर में भगदड़ से 6 की मौत 8 जनवरी को मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन टिकट केंद्र के पास भगदड़ मच गई थी। श्रद्धालु मंदिर में 10 दिनों के विशेष दर्शन के लिए टोकन के लिए लाइन में लगे थे। इस दौरान भगदड़ मच गई थी। घटना में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 40 लोग घायल हो गए थे। ट्रस्ट के सदस्य भानु प्रकाश ने बताया था कि टिकट के लिए 91 काउंटर खोले गए थे। काउंटर के पास 4 हजार से ज्यादा श्रद्धालु लाइन में खड़े थे। उन्हें बैरागी पट्टीडा पार्क में कतार लगाने को कहा गया। आगे जाने की होड़ में अफरा-तफरी मची और भागने के दौरान लोग एक-दूसरे पर चढ़ गए थे। पूरी खबर पढ़ें… तिरुपति दुनिया की सबसे अमीर मंदिर ट्रस्ट
अप्रैल 2024 में आई रिपोर्ट के अनुसार मंदिर ट्रस्ट ने 2024 में 1161 करोड़ रुपए की एफडी कराई थी। यह अब तक की सबसे ज्यादा रकम की एफडी है। इसके बाद ट्रस्ट की बैंकों में कुल एफडी 13287 करोड़ रुपए हो गई है। यह देश का इकलौता मंदिर है जो पिछले 12 सालों में साल दर साल 500 करोड़ या उससे ज्यादा की रकम बैंक में जमा कर रहा है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम दुनिया के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में से एक है। ये आंध्र प्रदेश के सेशाचलम पर्वत पर बसा है। भगवान वेंकटेश्वर के इस मंदिर का निर्माण राजा तोंडमन ने करवाया था। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 11वीं सदी में रामानुजाचार्य ने की थी। मान्यता है कि भगवान वेंकटेश्वर जब पद्मावती से अपना विवाह रचा रहे थे तो उन्होंने धन के देवता कुबेर से कर्ज लिया। भगवान पर अब भी वो कर्ज है और श्रद्धालु इसका ब्याज चुकाने में उनकी मदद करने के लिए दान देते हैं। तिरुमाला मंदिर को हर साल लगभग एक टन सोना दान में मिलता है। तिरुपति दर्शन करने जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को यहां का प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद में दिया जाता है। यहां रोज करीब 3 लाख लड्डू बनाए जाते हैं। लड्डू को चने के बेसन, मक्खन, चीनी, काजू, किशमिश और इलायची से बनाया जाता है और इसकी रेसिपी करीब 300 साल पुरानी है। यहां बालों का दान किया जाता है
मान्यता है कि जो व्यक्ति अपने मन से सभी पाप और बुराइयों को यहां छोड़ जाता है, उसके सभी दुःख देवी लक्ष्मी खत्म कर देती हैं। इसलिए यहां अपनी सभी बुराइयों और पापों के रूप में लोग अपने बाल छोड़ जाते हैं। भगवान विष्णु को कहते हैं वेंकटेश्वर
इस मंदिर के बारे में कहा जाता हैं कि यह मेरूपर्वत के सप्त शिखरों पर बना हुआ है, इसकी सात चोटियां शेषनाग के सात फनों का प्रतीक कही जाती हैं। इन चोटियों को शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और व्यंकटाद्रि कहा जाता है। इनमें से व्यंकटाद्रि नाम की चोटी पर भगवान विष्णु विराजित हैं और इसी वजह से उन्हें वेंकटेश्वर के नाम से जाना जाता है। सिर्फ शुक्रवार को होते हैं पूरी मूर्ति के दर्शन
मंदिर में बालाजी के दिन में तीन बार दर्शन होते हैं। पहला दर्शन विश्वरूप कहलाता है, जो सुबह के समय होता है। दूसरा दर्शन दोपहर को और तीसरा दर्शन रात को होता है। भगवान बालाजी की पूरी मूर्ति के दर्शन केवल शुक्रवार को सुबह अभिषेक के समय ही किए जा सकते हैं। भगवान बालाजी ने यहीं दिए थे रामानुजाचार्य को साक्षात दर्शन
यहां पर बालाजी के मंदिर के अलावा और भी कई मंदिर हैं, जैसे- आकाश गंगा, पापनाशक तीर्थ, वैकुंठ तीर्थ, जालावितीर्थ, तिरुच्चानूर। ये सभी जगहें भगवान की लीलाओं से जुड़ी हुई हैं। कहा जाता है कि श्रीरामानुजाचार्य जी लगभग डेढ़ सौ साल तक जीवित रहे और उन्होंने सारी उम्र भगवान विष्णु की सेवा की, जिसके फलस्वरूप यहीं पर भगवान ने उन्हें साक्षात दर्शन दिए थे।


