सागर| बुंदेली लोक नृत्य व नाट्य कला परिषद् कनेरादेव द्वारा पद्मश्री पं. रामसहाय पांडे की स्मृति में तीन दिवसीय 32वें राष्ट्रीय लोक रंग महोत्सव का आयोजन 27 दिसंबर से तिली चौराहा स्थित प्रेम परिणय मैरिज गार्डन में शाम 6 बजे से किया गया है। 29 दिसंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में देश के 7 राज्यों से आए लोक कलाकार अपनी मनमोहक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। आयोजक और संस्था के अध्यक्ष संतोष पांडे ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, दूसरे दिन सांसद डॉ. लता वानखेड़े तथा तीसरे दिन संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर विधायक शैलेन्द्र जैन करेंगे। आयोजन संस्कृति मंत्रालय, संस्कृति संचालनालय मप्र सहित विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है।


