कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र से पिछले तीन दिनों से लापता रघुनियांडीह की रहने वाली दो महिलाओं को जयनगर पुलिस ने शुक्रवार को हजारीबाग से बरामद कर लिया है। जबकि इस मामले में दो युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसमें जयनगर थाना क्षेत्र के बदुलिया निवासी राहुल राय पिता अर्जुन राय तथा नावाडीह निवासी अजीत दास पिता एतवारी दास के नाम शामिल हैं। इधर, पुलिस द्वारा बरामद दोनों महिलाओं को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। दोनों महिला आपस में जेठानी-देवरानी हैं। दोनों 31 दिसंबर से ही लापता थी, जिसको लेकर एक महिला के पति शंकर दास ने दोनों महिलाओं की गुमशुदगी का जयनगर थाना में एक मामला भी दर्ज करवाया था। जयनगर थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


