भास्कर न्यूज| जैंतगढ़ गुरुवार शाम से जैंतगढ आस पास क्षेत्रों में लगातार वर्षा जारी है। कभी हल्की बारिश,कभी माध्यम दर्जे की तो कभी भारी बारिश लगातार जारी है। गुरुवार शाम से वर्षा शुरू हुई जो शनिवार तक बिना रुके जारी है। लगातार हो रही वर्षा से जहां जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है वहीं सड़कों और गलियों में जल जमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी के लिए सड़कों के किनारे ड्रेन नही होने से सड़क ही नाली बन गया है। लोग अपने घरों के दरवाजे के सामने मुरम और कंक्रीट करके ऊंचा कर लिए हैं। सड़क किनारे बने दोनो तरफ के घरों के दरवाजे ऊंचे हो गए हैं और सड़क नाली बन गया है। जिनका पुराना मकान बना हुआ है वह सड़क से नीचे है और उनके मकान में सड़क का पानी घुस रहा है। जल निकासी की व्यवस्था होती तो परेशानी नही होती। वहीं लगातार वर्षा होते रहने से बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। दुकानदार दुकान खोल कर बैठे हैं मगर ग्राहक नदारत। कई दुकानें तो खुली ही नहीं। हाट बाजार करने वालों की रोजी रोटी बंद हो गई है। लगातार वर्षा के कारण हाट में न तो दुकानदार पहुंचे और न ही खरीदार। आठ दस सब्जी विक्रेता आए मगर वे भी दस बजते ही चले गए। लगातार हो रही वर्षा से खेत नाला सभी उफना है है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से लोग बाजार नहीं पहुंच पाए। दिहाड़ी मजदूरों का भी काम बंद हो गया। शनिवार को भारी वर्षा के कारण चंद्रमणि शिक्षा बिहार स्कूल बंद कर दिया गया। वहीं कई स्कूलों में उपस्थिति बहुत कम देखी गई। बिजली भी 36 घंटे तक ठप हो गई थी। दो दिनों से जलापूर्ति ठप है।


