तीन महीने से अंधेरे में आदिवासी बस्ती:कुशमहर के 46 घरों में बिजली ठप, ट्रांसफार्मर न बदलने से लोग नाराज

सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कुशमहर के आदिवासी वार्ड क्रमांक सात में पिछले तीन महीनों से बिजली आपूर्ति ठप है। बस्ती में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर तीन माह पहले जल गया था, जिसे अब तक बदला नहीं गया है। इसके कारण करीब 46 घरों में बिजली नहीं आ रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को कई बार इसकी सूचना दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, मोबाइल चार्ज करने में दिक्कत आ रही है और रात में पूरा इलाका अंधेरे में रहता है। उपभोक्ता रामरती साकेत ने बताया कि उनका विद्युत कनेक्शन दस साल पुराना है और पहले नियमित बिजली मिलती थी। पिछले तीन महीनों से उनके घर में अंधेरा है। उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद शनिवार को बस्ती के निवासियों ने चुरहट एसडीएम शैलेश द्विवेदी को पत्र सौंपकर जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। खड्डी अंचल के युवा समाजसेवी विनय पांडेय ने बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यदि यह ट्रांसफार्मर किसी प्रभावशाली व्यक्ति की बस्ती में जला होता, तो अब तक बदल दिया गया होता। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के समय आदिवासियों को याद किया जाता है, लेकिन बाद में उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। इस संबंध में चुरहट एसडीएम शैलेश द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *