भिण्ड जिले की अटेर थाना पुलिस ने ग्राम अंगदपुरा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब तीन लाख रुपए है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अटेर थाना पुलिस ने बताया कि 24 अप्रैल 2025 को अंगदपुरा गांव के रहने वाले फरियादी भानू प्रताप पुत्र सुंदर सिंह भदौरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान में एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठियां, एक सोने की जंजीर, एक रानी हार, मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ियां, दो जोड़ी चांदी की पायलें, दो जोड़ी बिछिया और 40 हजार रुपए शामिल थे। इसके अलावा चोरों ने घर में रखे इंडेक्शन और फ्रिज से दो किलो घी भी चुरा लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. असित यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक तथा एसडीओपी अटेर रविंद्र वास्कले के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रामनरेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए चोरी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी गया माल बरामद कर लिया। बरामद आभूषणों में एक जोड़ी झुमकी, दो अंगूठियां, एक सोने की जंजीर और एक सोने का मंगलसूत्र शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष दो आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। कार्रवाई में निरीक्षक रामनरेश यादव, उपनिरीक्षक ब्रजेंद्र सिंह तोमर, रामशरण शर्मा, मुनेन्द्र राठौर (फिंगर प्रिंट शाखा), सउनि सत्यवीर सिंह, आरक्षक आनंद (सायबर सेल), नीरज, विनय, सोनेन्द्र, पदम सिंह, देवेश गहलोत, सरजीत सिंह, संजय सिंह, ब्रजमोहन यादव, नरेन्द्र सिंह, रिंकू यादव, मनीष पाराशर, अजीत तोमर, सुभाष यादव और श्वेश यादव की सक्रिय भूमिका रही।


