तुम्हारी बहन आत्महत्या कर रही है, बचा लो, फिर मौत:अंजान नंबर से आया कॉल, कमरे में झांका तो फंदे पर मिली युवती

रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बांस घाट मोहल्ले में रविवार को एक 25 वर्षीय युवती अपने घर में मृत मिली। मृतका का नाम रश्मि लोनिया है। घटना के वक्त युवती के भाई के पास एक अनजान नंबर से फोन आया था, जिसमें युवक ने घर के अंदर जाकर देखने को कहा। दरवाजा खोलने पर युवती मृत मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, सुबह युवती रोजमर्रा के काम में लगी थी। कुछ देर बाद वह घर के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। इसी दौरान मृतका के भाई के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम सत्यम बताया और भाई से घर के अंदर जाकर देखने की बात कही। उसने कहा- तुम्हारी बहन आत्महत्या कर रही है, बचा लो। जब परिजनों ने दरवाजा खोला, तो रश्मि मृत अवस्था में मिली। पुलिस कॉल डिटेल्स खंगाल रही घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि परिवार के लोग सत्यम नाम के युवक को नहीं जानते हैं। जिस नंबर से कॉल आया था, वह पुलिस को दे दिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है। PM रिपोर्ट से होगा खुलासा फिलहाल पुलिस युवती के संपर्कों, कॉल रिकॉर्ड और पारिवारिक परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *