तेंदुए की अफवाहों से शहर में दहशत:वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी; रात के समय अलर्ट रहें

झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की गतिविधियों की अफवाहों ने आम जनजीवन में दहशत फैला दी है। सोशल मीडिया पर नगरीय क्षेत्र के आसपास तेंदुए की मौजूदगी की खबरें वायरल होने के बाद नागरिकों में असुरक्षा बढ़ गई है। हालांकि, वन विभाग ने नगरीय क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति से इनकार किया है और इसे महज एक अफवाह बताया है। इसके बावजूद, विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पिछले पंद्रह दिनों में थांदला ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की सक्रियता के प्रमाण मिले हैं। ग्राम मोरझरी में तेंदुए के हमले में पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं, ग्राम फ्लासडोर के तलावड़ी फलिए में तेंदुए ने दो बैलों को भी शिकार बनाने का प्रयास किया। इन घटनाओं के बाद ग्राम महुड़ीपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की आवाजाही की चर्चाएं तेज हो गई हैं। रात में सावधान रहने की अपील मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्राधिकारी तोलाराम हटीला ने वीडियो संदेश और आधिकारिक पत्र के माध्यम से जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने ग्रामीणों और शहरवासियों को रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की हिदायत दी है। वन विभाग ने किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की जानकारी तुरंत देने के लिए दो मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *