हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में स्थित सैनिक स्कूल सुजानपुर में गम का माहौल है। स्कूल के पूर्व छात्र विंग कमांडर नमांश स्याल के दुबई में एयर शो के दौरान तेजस फाइटर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त होने से शहीद होने की खबर मिलते ही पूरा स्कूल शोक में डूब गया। 2005 बैच के थे पूर्व छात्र विंग कमांडर नमांश स्याल सैनिक स्कूल सुजानपुर के 2005 बैच के छात्र थे। दुबई में आयोजित एयर शो के दौरान वे तेजस लड़ाकू विमान से करतब दिखा रहे थे, तभी विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में उनकी शहादत की खबर मिलते ही स्कूल के शिक्षकों, छात्रों और पूर्व छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। विशेष प्रार्थना सभा में दी गई श्रद्धांजलि शहीद नमांश स्याल को श्रद्धांजलि देने के लिए सैनिक स्कूल सुजानपुर में एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इस दौरान स्कूल के सभी छात्र और शिक्षक नम आंखों से अपने पूर्व छात्र को याद करते रहे। स्कूल की प्रिंसिपल रचना जोशी ने कहा कि स्कूल के एक होनहार पूर्व छात्र के असमय निधन से पूरा संस्थान शोक में है। चिनाब हाउस के हाउस कैप्टन रहे थे नमांश स्कूल स्टाफ सदस्य राकेश राणा ने बताया कि नमांश स्याल स्कूल के चिनाब हाउस के हाउस कैप्टन रहे हैं और वे एक उत्कृष्ट खिलाड़ी भी थे। उन्होंने बताया कि नमांश का स्कूल रोल नंबर 1906 था और वे स्कूल के 21वें बैच के छात्र थे। सोशल मीडिया पर उमड़ा श्रद्धांजलि संदेशों का सैलाब शहीद नमांश स्याल के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर सैनिक स्कूल सुजानपुर के पूर्व छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। कई पूर्व छात्रों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए तस्वीरें और संदेश साझा किए। ओल्ड बॉयज एसोसिएशन ने भी जताया दुख सैनिक स्कूल सुजानपुर ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पंकज चड्ढा ने भी विंग कमांडर नमांश स्याल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नमांश स्याल जैसे पूर्व छात्र ने देश का नाम रोशन किया और उनकी शहादत हमेशा याद रखी जाएगी।


