डूंगरपुर के रामसागड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चियों के पिता की मौत हो गई। घटना रामसागड़ा पेट्रोल पंप के पास की है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान भरत रोत (28) के रूप में हुई है, जो धमलात फला गामड़ी अहाड़ा का रहने वाला था। भरत मंगलवार शाम को रामसागड़ा गांव की एक दुकान से घरेलू सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भरत के सिर, हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में भरत को तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और रामसागड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई। मृतक के भाई शैलेश रोत ने कार चालक के खिलाफ एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। भरत की मौत से उनकी तीन छोटी बेटियां के सिर से पिता का साया उठ गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


