तेज रफ्तार कार ने दो भाइयों को कुचला CCTV:एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, रात को कैटरिंग का काम कर पैदल आ रहे थे

शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के रूपबास स्थित जगन्नाथ मंदिर के समीप शनिवार रात तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे दो युवकों को कुचल दिया। जिसमें एक की मौत हो गई। दूसरा युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है।
रैणी थाना क्षेत्र के गांव परवेणी निवासी 19 वर्षीय सचिन मीणा और उसका चचेरा भाई 18 वर्षीय आशीष मीणा अलवर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। दोनों युवक बीती रात किसी शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने गए थे। काम समाप्त होने के बाद रात करीब एक बजे वे पैदल ही कटी घाटी स्थित अपने किराए के कमरे की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रूपबास जगन्नाथ मंदिर के सामने तेज रफ्तार से आ रही डिजायर कार ने टक्कर मार दी।
हादसे में सचिन मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया और आशीष को जयपुर रैफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस कार चालक की पहचान और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *