कोटा ग्रामीण के सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका पति भी घायल हुआ। राहगीरों ने तुरंत दोनों को सुल्तानपुर हॉस्पिटल पहुँचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां देर रात महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के भतीजे रामनरेश ने बताया कि उनकी ताई, सोहन बाई, अपने पति के साथ सुरेला गांव से सुल्तानपुर जा रही थीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बावजूद सोहन बाई की जान नहीं बच सकी। आज महिला का पोस्टमार्टम करवाया गया और पुलिस ने मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की शिकायत पर सुल्तानपुर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


