भास्कर न्यूज | तोकापाल स्थानीय बाजार मार्ग पर स्थित बेड़ागुड़ा गुण्डाधुर चौक एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। मंगलवार को तेज रफ्तार कार और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का पैर टूट गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पलवा निवासी मोहन कश्यप स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान दंतेवाड़ा से डिमरापाल की ओर तेज गति से आ रही कार ने बेड़ागुड़ा गुण्डाधुर चौक के पास स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल 112 की सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल की।


