भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते रह गई। एक बेकाबू तेज रफ्तार जीप ने सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा और एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग दंपती घायल हो गए, जबकि एक ऑटो रिक्शा सहित कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। यह घटना शुक्रवार शाम 4 बजे मजीठा रोड की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिती का जायजा लिया। पीड़ित कार मालिक ऋषभ सेठी ने बताया कि उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान ढिल्लों कार वॉशिंग सेंटर का एक कर्मचारी तेज रफ्तार में जीप चलाता हुआ आया। सबसे पहले जीप ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग दंपति को टक्कर मारी। इसके बाद जीप ऑटो रिक्शा से टकराई और फिर ऋषभ की खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें जीप की तेज रफ्तार और बेकाबू अंदाज साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद जीप में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना सदर पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


