तेज रफ्तार थार ने छीन लिया मां का इकलौता बेटा:पांच बेटियों में इकलौते बेटे फैजान की थार हादसे में मौत; इस हादसे ने घायल के सारे सपने तोड़े

“मैं अब किसके भरोसे जिऊंगी… वो मुझे छोड़ गया।”यह सिसकियां थीं उस मां की, जिसने जयपुर में तेज रफ्तार थार की चपेट में आकर अपने 27 वर्षीय इकलौते बेटे फैजान को खो दिया। शनिवार दोपहर जयपुर के जयंती मार्केट चौराहे के पास हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। पांच बेटियों में इकलौता बेटा था फैजान मृतक फैजान की मां खेरुनिसा (58) रोते हुए बताती हैं कि उनके पांच बेटियों में फैजान ही एकमात्र बेटा था। “बहुत मुश्किलों से मैंने अपने बच्चे को पाला था। वो ऑनलाइन काम करता था। थार वाले ने मेरे बेटे को मार दिया। गाड़ी में 4-5 लोग बैठे थे, जो हादसे के बाद भाग गए। अब मैं किसके पीछे जिऊंगी?” — यह कहते हुए मां बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। पिता बोले- घर का अकेला कमाने वाला था फैजान के पिता अब्दुल कादिर (62) ने बताया कि फैजान घर का इकलौता कमाने वाला था और ऑनलाइन काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था।परिवार मूल रूप से सीकर के खंडेला का रहने वाला है, लेकिन पिछले 30 सालों से जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में किराए पर रह रहा है।“बेटे की मौत के बाद हमारे सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पांच बेटियों की जिम्मेदारी अब कैसे निभेगी, समझ नहीं आ रहा,” पिता ने कहा। छात्रा को टक्कर मारने के बाद फैजान को कुचला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार थार ने पहले पैदल जा रही छात्रा कुलसुम (19) को टक्कर मारी। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार फैजान को कुचल दिया।टक्कर के बाद फैजान थार के नीचे फंस गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घायल छात्रा बोलीं- एक पल को लगा कि मेरी जान चली गई हादसे में घायल कुलसुम, निवासी रामगंज (जयपुर), को गंभीर हालत में सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और ऑपरेशन किया जाएगा।कुलसुम ने बताया, “मैं गर्वमेंट गर्ल्स कॉलेज किशनपोल से फॉर्म भरकर दोस्त के साथ पैदल घर जा रही थी। अचानक तेज रफ्तार थार ने टक्कर मारी। एक पल को लगा कि मेरी जान चली गई।” मामा बोले- हादसे ने कुलसुम के सारे सपने तोड़ दिए कुलसुम के मामा मुजफ्फर अली ने बताया कि परिवार ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है, लेकिन कुलसुम पढ़-लिखकर माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती थी।वह बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा है। उसके पिता मकसूद अहमद फुटवियर का काम करते हैं। परिवार में तीन बच्चे हैं। बड़ा भाई केवल 10वीं पास है और पिता के काम में हाथ बंटाता है, जबकि बड़ी बहन विकलांग है। “इस हादसे ने कुलसुम के सारे सपने तोड़ दिए,” मामा ने कहा। किराए की थी थार, CCTV फुटेज आया सामने जालूपुरा थाना SHO हवा सिंह ने बताया कि हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:45 बजे जयंती मार्केट चौराहे के पास हुआ।थार गाड़ी मनीष कुमार निवासी फतेहपुर (सीकर) ने किराए पर ली थी। वह गाड़ी लेकर जयंती मार्केट की ओर जा रहा था।“ड्राइवर ने पहले कुलसुम को टक्कर मारी, घबराहट में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार फैजान को कुचल दिया,” SHO ने बताया।हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। रफ्तार ने छीनी खुशियां एक तरफ मां-बाप का इकलौता बेटा चला गया, तो दूसरी तरफ पढ़-लिखकर आगे बढ़ने के सपने देख रही छात्रा जिंदगी और मौत से जूझ रही है ।तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक ही पल में दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *