नेशनल हाईवे 43,अंबिकाुपर-सूरजपुर रोड में केशवपुर के पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर SECL के डिप्टी मैनेजर की कार को टक्कर मारते हुए उसके उपर पलट गई। हादसे में डिप्टी मैनेजर की स्वीफ्ट कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार डिप्टी मैनेजर को सिर में चोटें आई हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, SECL के रेहर खदान में कार्यरत डिप्टी मैनेजर रणधीर सिंह शाम करीब 4 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद अपनी कार से वापस घर कुम्दा कालोनी जाने के लिए रवाना हुए। केशवपुर में नायरा पेट्रोल पंप में पेट्रोल डलवाने के लिए वे मुड़े, उसी दौरान किराना सामान लोड कर तेज रफ्तार में अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रहे पिकअप के चालक ने कार को टक्कर मार दी और कार को घसीटते हुए उसके उपर ही पलट गई। कार के परखच्चे उड़े, डिप्टी मैनेजर घायल
हादसे में पिकअप एवं उसमें लोड सामानों से दबकर स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप के कर्मी एवं आसपास के लोग मौके पर मदद के लिए पहुंचे। सूचना पर विश्रामपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पिकअप में लदे सामानों को खाली कराया गया। फिर ट्रैक्टर में रस्सी बांधकर पिकअप को खींचकर सीधा किया गया।पूरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे मैनेजर को निकालने के लिए कार की बॉडी को कटर से काटा गया। उन्हें तत्काल केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। केंद्रीय चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. निरंजन कुमार ने बताया कि रणधीर प्रसाद सिंह के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर करने की तैयारी की जा रही है। हादसा पेट्रोल पंप में लगे CCTV में कैद हो गया है। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पिकअप चालक संभवतः नशे की हालत में था। विश्रामपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


