खैरथल से किशनगढ़बास आ रही एक तेज रफ्तार बस ने टैंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टैंपो में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टैंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नूरनगर तिबारे के पास गुरुवार शाम 5.30 बजे की है। बता दें कि टैंपो चालक टिंकू किशनगढ़बास की ओर जा रहा था, इस दौरान खैरथल की ओर से आ रहे बस चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत साइड में आकर टैंपो को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण थी कि टैंपो पलट गया। टैंपो में सवार रामबाबू पुत्र मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद रामबाबू को खैरथल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को किशनगढ़बास अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं टैंपो चालक टिंकू को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के भाई विक्रम सिंह की रिपोर्ट पर किशनगढ़बास थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 281, 106(1) और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई निक्की चौहान को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार मृतक बाबूलाल उर्फ रामबाबू घासोली के निवासी था और किशनगढ़बास के भूर पहाड़ी चौक पर बाइक रिपेयर का काम करता था। जिसके एक 17 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, और 15 वर्षीय पुत्री साक्षी, जो कक्षा 9 में पढ़ती हैं, शामिल हैं। सूचना मिलने पर भाजपा मोठूका मंडल अध्यक्ष राजकुमार राजपूत और उपाध्यक्ष सुरेंद्र जाटव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया बस चालक की लापरवाही से हादसा होना सामने आया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


