भास्कर न्यूज | कोरबी-चोटिया जिले के दूरस्थ क्षेत्र कोरबी-चोटिया में सोमवार को दो सड़क हादसे हुए। कोरबी पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार बस ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। वहीं हाईवे पर चोटिया के पास बस से उतरते ही यात्री को तेज रफ्तार ट्रक ने ठोकर मारा। दोनों दुर्घटना में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना दोपहर पौने 2 बजे कोरबी-चिरमिरी मार्ग पर कोरबी पुलिस चौकी से करीब 5 सौ मीटर दूर हसदेव नदी ब्रिज के पास मोड़ पर हुई। जहां पर कोरबा से चिरमिरी जा रही तेज रफ्तार आदर्श बस सीजी-10-बीजे-1981 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए विपरीत दिशा से आ रही कार सीजी-10-बी-8790 को टक्कर मार दी। जिससे कार के चालक साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कार चालक समेत उसमें सवार अन्य 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी प्रभारी अफसर हुसैन खान मौके पर पहुंचे। कार सवार घायल बालक सिंह, मनोहर सिंह, अर्जुन सिंह, तेज राम सहित चालक को उन्होंने अस्पताल रवाना किया। वहीं मामले में आरोपी बस चालक अजय सिंह (37) निवासी भदरापारा-झिनपुरी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वृद्ध को ट्रक ने चपेट में लिया कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर लमना के पास चोरधवा मोड़ पर सोमवार की शाम लगभग 4 बजे हेमंत बस रूकी। जिसमें से यात्री सिरमिना निवासी रामबरन (60) नीचे उतरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे ठोकर मार दिया। दुर्घटना में वृद्ध यात्री घायल हो गया। वहीं दुर्घटनाकारित ट्रक समेत चालक चोटिया की ओर भाग निकला। घायल वृद्ध को टोल प्लाजा की एंबुलेंस में पोड़ी-उपरोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।


