जबलपुर पुलिस की लाख समझाइश के बाद भी स्टंटबाज बाइक से स्टंट करने से बाज नहीं आ रही है। रांझी थाना पुलिस ने भी एक ऐसे स्टंट करने वाले युवक को पकड़ा जिसने ना सिर्फ बाइक को मॉडिफाई किया था, बल्कि स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड करता था। पुलिस ने कबीर नाम के युवक का यातायात नियमों के तहत चालान किया, इसके साथ ही बाइक में माॅडिफाई किए गए पार्टस को हटवाया। पुलिस की पकड़ में आने के बाद कबीर ने माफी मांगते हुए कहा कि अब वह कभी भी स्टंट नहीं करेगा। दरअसल एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर जबलपुर पुलिस की टीम ऐसे स्टंटबाजों पर नजर बनाए हुए है, जो तेज रफ्तार से ना सिर्फ बाइक चलाते है, बल्कि रेस के दौरान रुपए का लेनदेन करते हुए शर्त भी लगाते हैं। हाल ही में रांझी पुलिस की कबीर नाम के युवक पर नजर पड़ी, जो मॉडीफाइड बाइक से स्टंट तो करता ही, इसके साथ ही वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट भी करता था। पुलिस को जांच में पता चला कि कबीर ने इंस्टाग्राम में जबलपुर राइडर नाम से पेज बना रखा था। लाइक,व्यू के लिए इसने बाइक रेसिंग और कुछ अलग-अलग तरह के वीडियो बनाकर पोस्ट किया था। वीडियो में तेज रफ्तार से बाइक तो चलाई जा रही थी, इसके साथ ही रेसिंग भी होती थी। जिसमें जीतने वाले को पैसे मिलते थे। एसपी के निर्देश पर टीआई उमेश गोल्हानी की टीम ने बाइक राइडर की खोजबीन शुरू कर तो, पता चला कि युवक रांझी का रहने वाला है, जिसका नाम कबीर है। युवक ने अपना निकनेम डीएसपी रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि कबीर ने नार्मल बाइक को माॅडिफाई करते हुए रेसिंग बाइक बनवाई। पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट भी नहीं थी। पुलिस टीम ने जब इंस्टाग्राम में उसके खतरनाक वीडियो देखे तो तलाश शुरू की और आखिरकार उसे पकड़ने में जल्द ही सफलता मिल गई। पुलिस ने डीलम सिंह पंती उर्फ कबीर के खिलाफ रेस ड्राइविंग और बिना नंबर प्लेट का चालान काटा। पुलिस ने युवक की सोशल मीडिया में देखा तो पता चला कि इसने अपना एक नाम डीएसपी भी लिख रखा था। एसआई मयंक यादव ने बताया कि एसपी के निर्देश पर ऐसे लोगों के इंस्टाग्राम आईडी में नजर रखी जा रही है, जो कि लाइक,व्यू और फालोअर्स बढ़ाने के लिए रेसिंग और स्टंट की वीडियो पोस्ट करते है। एसआई ने बताया कि कबीर उर्फ डीएसपी की आईडी पर कई ऐसे वीडियो मिले हैं। जो शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर बाइक के साथ रेसिंग और अन्य तरह के मिले हैं। पुलिस ने सभी बाइक चालकों से अपील की है कि सोशल मीडिया में लाइक पाने की चाहत में तेज रफ्तार से बाइक चलाने पर दुर्घटना हो सकती है, जिससे आपके साथ-साथ सामने वाली की भी जान जा सकती है। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि बाइक राइडिंग और रेसिंग करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। डुमना रोड पर होती है रेसिंग-स्टंटबाजी रानी दुर्गावती विश्वविद्याय से डुमना एयरपोर्ट तक चौड़ी और खाली रोड में रोजाना बाइक की रेसिंग और स्टंटबाजी होती है। यहां पर मंहगी-मंहगी बाइकों मे सवार होकर नवयुवक रेस लगाते हैं। इतना ही नहीं एक 100 की रफ्तार से भाग रही बाइक को एक चक्के से चलाने का करतब और अन्य तरह के स्टंट होते हैं। इसके बाद भी पुलिस का इस और ध्यान ना देना सवालों के घेरे में है। सड़क पर बाइक स्टंट करना भारत में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 (संशोधित 2019) के तहत गंभीर उल्लंघन माना जाता है। एमपी में भी यही कानून पूरी सख्ती से लागू हैं। स्टंट करना न केवल खुद स्टंट करने वाले के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान को भी जोखिम में डालता है। कौन-कौन से ट्रैफिक नियम टूटते हैं कितनी हो सकती है सजा कानून के तहत बाइक स्टंट करने पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किया जा सकता है। गंभीर मामलों में वाहन जब्ती और जेल की सजा का भी प्रावधान है, खासकर जब स्टंट से किसी की जान को खतरा हो या दुर्घटना घटित हो जाए।


