पन्ना के बादशाह साई चौराहे पर एक तेज रफ्तार स्कूटी और ई-रिक्शा के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा शनिवार सुबह 7 बजे के करीब हुआ, इसमें ई-रिक्शा बेकाबू होकर पलट गया, जिससे उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया। घायल चालक की पहचान बेनिसगर निवासी शंकर प्रसाद कोंदर (44) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जब वह अपने ई-रिक्शा से जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद स्कूटी सवार युवक फरार हो गया। ई-रिक्शा के नीचे दबा चालक आस-पास मौजूद लोगों ने ई-रिक्शा के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल शंकर प्रसाद कोंदर को पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि शंकर प्रसाद के चेहरे चोट और हाथ में फेक्चर आया हैं, और उनका उपचार जारी है। पन्ना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


